घोसी। उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में जांच टीम ने शुक्रवार को भी घोसी ब्लाक क्षेत्र के नथनपुरा, नदवल, पिढ़वल मोड़, ददानपुर अहिरौली में चलरहे निजी स्कूलों पर छापा मारा। इसको लेकर निजी विद्यालय संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, सीओ अनिल कुमार के नेतृत्व में जांच टीम ने निजी स्कूलों पर छापा मारा। जांच में नथनपुरा स्थित चंद्रावती बालिका विद्यालय बिना मान्यता का मिला। जिसपर एसडीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को इसे सीज करने का निर्देश दिया। पीड़वल गांव में सरस्वती ज्ञान मंदिर निजी मकान में संचालित पाया गया। बच्चे नहीं थे। उसे बंद करने का निर्देश दिया। नदवल स्थित प्रभात चिल्ड्रेन स्कूल, दादनपुर अहिरौली में लकी अंबेडकर शिक्षण संस्थान बंद मिला। विद्यालय संचालकों को नोटिस दी गई। जांच टीम में खंड शिक्षा अधिकारी संजीव, एबीआरसी अनिल श्रीवास्तव आदि रहे।