मधुबन तहसील क्षेत्र के ईंट के भट्टो पर आबकारी सहित पुलिस टीम ने छापा मारा।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बृहस्पतिवार को आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कई स्थानों पर छापेमारी की। शराब और बीयर की दुकानों का निरीक्षण कर स्टाक चेक किए। इस दौरान टीम ने 180 लीटर अवैध शराब बरामद कर दो लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियिम में मुकदमा दर्ज कराया। आबकारी आयुक्त तथा उप आबकारी आयुक्त आजमगढ़ के निर्देश पर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने मधुबन तहसील के नंदौर, कटघरा शंकर, मर्यादपुर, लखनौर तथा चक्की मुसाडोही के सरयू नदी के किनारे अभियान चलाकर दबिश दी। इस दौरान की गई छापेमारी में 180 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। दो लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही टीम ने आबकारी की फुटकर देशी, विदेशी शराब और बीयर की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने दुकानों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर स्टाक मिलाया। साथ ही स्टॉक के क्युआर कोड का मिलान किया। आबकारी विभाग ने बताया कि स्टाक सही पाया गया है। जिले में अवैध शराब और शराब कारोबारियों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है।