सरसेना । रानीपुर ब्लाक के भेेडियाधर गांव निवासी और शहीद धर्मेंद्र यादव के नाम पर उनके गांव को जाने वाली सड़क के साथ क्षेत्र की तीन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। शहीद के नाम पर बनने वाली सड़क का शिलान्यास शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक श्रीराम सोनकर ने किया। बताते चले बीते वर्ष 13 मार्च 2018 को छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए लैंड माईनस विस्फोट में जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के भेडियाधर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव शहीद हुए थे। ग्रामीणों की मांग पर प्रदेश सरकार ने शहीद के नाम से तीन सड़कों का निर्माण कराने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। इसीक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीराम सोनकर ने शुक्रवार को तीनों सड़कों के निर्माण की आधार शिला रखते हुए शिलान्यास किया। इसमें पहली सड़क चिरैयाकोट बाजार से बड़हलगंज पुलिया होते हुए शहीद के गांव होते हुए सचुई तक, दूसरी सड़क नहर से होते हुए शहीद के घर तक, तथा तीसरी सड़क रायपुर बाजार से बहलोलपुर नहर मार्ग पर बनेगी । तीनों सड़क पांच करोड़ की लागत से बनाई जाएगी। शिलान्यास कार्यक्रम में शहीद का परिवार भी मौजूद था । इससे पूर्व मांग पर शहीद की पत्नी उमा देवी को प्रदेश सरकार ने छह मार्च को लखनऊ में नियुक्ति पत्र दिया था। श्रीराम सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार शहीदों का सम्मान करना जानती है। शहीद धर्मेंद्र यादव का परिवार इस बात का गवाह है। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियां को गिनाया। कार्यक्रम में क्षेत्र के संभ्रात लोग उपस्थित रहें।