घोसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर हसनपुर गांव निवासी डेंगू से पीड़ित युवक की शनिवार की भोर में वाराणासी स्थित बीएचयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना आते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहम्मदपुर हसनपुर निवासी रामाश्रय यादव (29) पुत्र जयनारायण यादव को पिछले चार दिन पूर्व तेज बुखार के साथ सिर में दर्द महसूस हुआ। परिजन स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद वृहस्पतिवार को मऊ स्थित एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया। वहीं पर रामाश्रय को डेंगू बुखार का पता चला। चिकित्सकों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे बीएचयू में भर्ती कराया। शनिवार की भोर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। शनिवार को रामाश्रय यादव की लाश आते ही कोहराम मच गया। पिता के साथ माता फुलझारी देवी का रोते रोते बुरा हाल रहा। मृतक दो भाइयों में बड़ा था।