प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेकई में सीएम आरोग्य मेला में मरीज को देखते चिकित्सक। स्रोत- स्वयं
जनपद के 42 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1592 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सीएमओ कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार मेले में 727 पुरुष, 669 महिला और 196 बच्चों का उपचार किया गया। जांच के दौरान गंभीर स्थिति वाले 39 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।सभी पीएचसी पर चिकित्सकों ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और पोषण को लेकर जागरूक भी किया। सबसे अधिक 154 मरीजों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरैयाकोट पर हुआ, जबकि सबसे कम 11 मरीजों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिघरा (फतेहपुर मंडाव) पर किया गया। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में बुखार, खांसी-सर्दी, मधुमेह, रक्तचाप, चर्म रोग, महिला एवं बाल रोग से संबंधित जांच व दवाएं निशुल्क दी गईं। कई केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की जांच और बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। सीएमओ डॉक्टर पंकज राय ने बताया कि हर रविवार को यह मेला आयोजित किया जाता है, ताकि ग्रामीणों को गांव के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।