रानीपुर। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल हो गया है। रानीपुर उपकेंद्र के फीडर के मेनलाइन में फाल्ट आने से 50 गांवों में रविवार की सुबह से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। जहां सोमवार की शाम मेटेनेंस के बाद इसे दुरस्त कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई। 24 घंटे से ज्यादा बिजली गुल होने से ग्रामीण भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार दिन में ट्रांसफार्मर बदलने और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाले बिजली विभाग का हाल बेहाल है। रानीपुर उपकेंद्र की मेनलाइन में फाल्ट होने के चलते रांनीपुर, पिरुआ, गोकुलपुरा, पलिया, खिरिया, शादीपुर, पड़री, बरवा, फतेहपुर सहित 50 गांवों में रविवार की सुबह नौ बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पूरा दिन और पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप होने के चलते ग्रामीणों को पूरी रात गर्मी और अंधेरे में बितानी पड़ी। घंटों बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणा बार बार बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन मिलाते रहे। जहां पूछने पर विभाग के लोग लोकल फाल्ट की वजह से ऐसा होने की बात कहते हैं। सोमवार की सुबह भी बिजली ना आने पर ग्रामीणों को पेयजल संकट से भी जूझना पड़ा। 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे मरम्मत कार्य के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इस बाबत एसडीओ जितेंद्र कुमार का कहना है की बढुआगोदाम से आने वाली मेन लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इसे दुरस्त कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।