मऊ। स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगरपालिका कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही नगरपालिका चेयरमैन तथा अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद भी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को हक नहीं मिल पा रहा है। सातवें वेतन का बकाया धनराशि नहीं मिल पा रही है। संविदा कर्मचारियों का पीएफ बकाया धनराशि को देने के लिए कई बार लिखित शिकायत की गई लेकिन मामले को लटका दिया गया है। शिकायत करने के बाद भी नगरपालिका प्रशासन की तरफ से आश्वासन देकर मामले को लटका दिया जाता है। मांगों पर अविलंब विचार नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे। घंटों प्रदर्शन करने के बाद कर्मचारियों ने नगरपालिका चेयरमैन तथा अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद आशिफ, शाहिद वसीम, दुर्गविजय, श्रवण, मोहम्मद रियाज, आफजाल, अजीत कुमार आदि शामिल रहे। नगरपालिका चेयरमैन तैयबपालकी का कहना है कि सेवा प्रदाता को समय पर मानदेय का भुगतान किया जाता है।