मऊ। प्राविधिक शिक्षा और तकनीकी कौशल तरक्की की रीढ़ है, मात्र शिक्षित होना पर्याप्त नहीं है, आजीविकास के लिये हुनरमन्द व तकनीकी शिक्षा से संपन्न होना आवश्यक है। केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया और स्टार्ट-अप एंड स्टैंड-अप योजनाओं की सफलता का ऊर्जा स्त्रोत प्राविधिक शिक्षित युवा है। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा तथा सेवायोजना का स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे स्कूल चलों अभियान की भांति पालीटेक्निक चलो अभियान को जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश में चलाने का निर्णय लिया गया।पालीटेक्निक चलो अभियान को जिले के अधिकारियों सीडीओ, एडीएम, एसडीएम, बीडीओ, डीआईओएस आदि के निर्देशन में राजकीय पालीटेक्निक के प्रधानचार्य, प्रधानाचार्यों तथा स्टाफ की समिति बनाकर वृहद पैमाने पर कम से कम जनपद के समस्त राजकीय एवं सरकार से सहायता प्राप्त हाई स्कूल, इंटर कालेजों में प्रचार-प्रसार के साथ-साथ डिप्लोमा स्तरीय तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से छात्र छात्राओं को अवगत कराया जाएगा।