मधुबन। थाना पुलिस ने शनिवार को न्यायालय के आदेश तथा युवती की तहरीर पर एक युवक पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। दर्ज मुकदमे के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती नेे बताया कि गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के बउहरा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र नारायण से उसकी पहचान दिल्ली में पढ़ाई के दौरान हुई। जहां दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। इस बीच धर्मेंद्र ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। युवती द्वारा जब भी उससे शादी की बात करती तो आरोपी युवक टाल जाता। जहां फरवरी में युवती ने युवक पर शादी का दवाब बनाया तो युवक शादी से मुकर गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके द्वारा जब धर्मेंद्र के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी गई। जिस पर आरोपी अपने परिजन धर्मेंद्र, कुसमा, संतोंष, जितेंद्र के साथ उसके घर पर 23 फरवरी 2019 को पहुंचे। पीड़िता से तहरीर वापस लेने का दवाब बनाया। पीड़िता द्वारा मना करने पर उसके साथ मारपीट कर उसके पास से मोबाइल तथा अन्य सामान भी छीन लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मधुबन थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देने के बाद भी पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस ने शनिवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपी युवक पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में आरोपी का साथ देने वाले के खिलाफ भी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।