थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सराय मेवागिरी के बस्ती मुतलिके जजौली पुरवे के दक्षिण तरफ खेत में बुधवार की सुबह सत्तर वर्षीय वृद्ध की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास कचिया शराब के ढेरों खाली पाउच पड़े थे। इससे पुलिस ने अनुमान लगाया कि वृद्ध की मौत संभवत: कचिया शराब के अत्यधिक सेवन करने से हो गई। मृतक की पहचान ग्रामसभा नंदौर के चन्दर (चन्नर) मुसहर के रूप में हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार वृद्ध की मौत कचिया शराब के अत्यधिक सेवन से होने का अनुमान है। वैसे मौत के वास्तविक कारण का पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही चलेगा। बताया जाता है कि नंदौर निवासी चन्दर मुसहर मजदूरी वगैरह करके जीवन यापन करता था। वह मंगलवार को घर से निकला था। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो घर वालों को चिंता हुई ,परिजनों ने आपस पास उसकी तलाश की। बुधवार की सुबह जब बस्ती के लोग गांव के दक्षिण तरफ सुबह टहलने के लिए निकले तो चन्दर खेत में अस्त ब्यस्त अवस्था में पड़ा दिखा। लोगों ने देखा तो वह मृत पड़ा था। उसके बाद लोगों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चन्दर की कचिया शराब पीने का लती था। चन्दर का शव जहां पड़ा था वहां दर्जनों की संख्या में पाउच(प्लास्टिक)पड़े थे। चन्दर के चार लड़के है। वहा भी मजदूरी करके ही जीवन यापन करते हैं।