मऊ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक गुरुवार को नगर के भीटी स्थित शिक्षक सदन में हुई। इसमें 11 सूत्री मांगों को लेकर शिक्षकों ने आवाज बुलंद की। साथ ही चेताया कि यदि उनकी मांगों के प्रति शासन उचित निर्णय नहीं लेती तो वे आंदोलन करेंगे। बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों को एक करने का आदेश वापस लिया जाए। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए निर्धारित सेवा अवधि पांच वर्ष से घटाकर एक वर्ष की जाए। अंतरजनपदीय स्थानांतरण करने, नवनियुक्त शिक्षकों के प्रमाणपत्रों के सत्यापन में विलंब होने के कारण शपथ पत्र लेकर उनको शीघ्र वेतन भुगतान किया जाए। पदोन्नति की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। स्वेटर तथा युनिफार्म के लिए 400 रुपया प्रति सेट की दर से भुगतान किया जाए। खेलकूद प्रतियोगिता में शिक्षकों से चंदा न लिया जाए। बीटीसी एवं टीईटी उत्तीर्ण मृतक आश्रितों को तुरंत शिक्षक पद पर नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि हमारी मांगों पर शासन कोई कदम नहीं उठाता तो 12 दिसंबर को शिक्षक बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौपेंगे। बैठक में प्रवीण कुमार राय, राधेश्याम राम, मनिराम, अखिलेश्वर शुक्ल आदि शामिल रहे।