मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय तहसील में बार और बेंच के बीच चल रहे विवाद में बार की मजबूती और मौजूदा विवाद में वकीलों का संघर्ष तेज करने को लेकर तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन की तरफ से गठित संघर्ष समिति का विस्तार कर इसमें कुल 16 नए सदस्यों को शामिल किए जाने का निर्णय लिया गया है। बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में अधिवक्ता व लेखपालों के बीच मारपीट और विवाद के बाद विगत 3 अगस्त से अधिवक्ता हड़ताल पर है। इस बीच विवाद में दोनो पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। अधिवक्ताओं के विगत 15 दिनों से आंदोलन रत रहने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से अधिवक्ता संघ ने आंदोलन तेज किए जाने को लेकर शनिवार को तहसील में आकस्मिक बैठक कर स्थानीय स्तर पर गठित संघर्ष समिति के विस्तार का निर्णय लिया। पवन श्रीवास्तव एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई, बैठक में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, मंत्री उपेंद्र चैहान, पूर्व मंत्री और अनुशासन समिति के प्रदेश सदस्य अतुल कुमार राय और रितेश श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।