फतहपुर मंडाव। मधुबन के कमलसागर गांव के पास सोमवार को एक अज्ञात वाहन ने 11 केवी के खंभे को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से खंभा सड़क पर गिर गया। खंभा गिरने से रामपुर बेलौरी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 15 गांवों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। घटना सोमवार की रात करीब नौ बजे की है। सोमवार की रात एक अनियंत्रित वाहन ने खंभे की स्टे वायर को टक्कर मार दी। स्टे वायर खंभे को सीधा खड़ा रखने और सहारा देने के लिए लगाया जाता है। वाहन की टक्कर से स्टे वायर टूट गया, जिससे खंभा सड़क पर गिर गया। यह सड़क नगर की मुख्य सड़कों में शामिल है। खंभा गिरने से रामपुर बेलौरी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कमलसागर, बस्ती, निधियाव, कंधरापुर सहित 15 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अभी तक क्षतिग्रस्त खंभा को दुरुस्त नहीं कराए जाने से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है।