अमिला(मऊ)। उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर रविवार को विवेक राय ने आमरण अनशन समाप्त कर दिया। विवेक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक अक्टूबर से अनशन पर बैठे थे। अधिकारियों की उपेक्षा से आहत विवेक ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। आत्मदाह की चेतावनी की सूचना पाकर रविवार को उपजिलाधिकारी घोसी सीएल सोनकर कोतवाल के साथ सातवें दिन अनशन स्थल पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने अमिला नगर पंचायत की समस्याओं को लेकर अधिशासी अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक को फटकार लगाई। एसडीएम ने अमिला चौकी प्रभारी को निर्देश दिया कि जनता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करें। उन्होंने मच्छर रोधी घोल का छिड़काव के लिये कहा। चौहानपुरा गांव में दिमागी बुखार से पीड़ित बच्ची का हाल लिया। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जनता की हर समस्या का समाधान होगा। विवेक राय ने शौचालय निर्माण में धांधली, पेयजलापूर्ति, बिजली की अघोषित कटौती समाप्त करने की मांग किया। इस अवसर पर संदीप राय, महेंद्र सोनकर, विशाल चौरसिया आदि रहे।