मुहम्मदाबाद गोहना। चार दिन से लापता अपने पुत्र की लाश झांसी जिला में मिलने की सूचना पर सोमवार को स्थानीय कोतवाली में क्यामपुर गॉव निवासी एक व्यक्ति पर अपने पुत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच करने में जुटी है। मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के सुखपुरा गॉव निवासी धर्मेंद्र का 18 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार विगत चार अगस्त को घर से लापता हो गया। परिजनों ने जब अपने पुत्र की जानकारी के लिए उसके निजी मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया तो उसके पुत्र ने बताया कि बगल के गांव क्यामपुर निवासी और पेशे से ट्रक ड्राइवर रिंकू मुझे अपने साथ ले आया है।हम लोग दो चार दिन में वापस आयेगे।इसके उपरांत परिजन आश्वस्त हो गए । इसके साथ विगत 6 अगस्त को भी परिजनों की बात हुई थी।इसी बीच आज सोमवार को सुबह लगभग साढ़े दस बजे पीड़ित के भतीजे की मोबाइल पर फोन से सूचना मिली कि अनिल की ट्रक से दबकर मौत हो गयी है और फोन कट गया। परिजनों को इस खबर की जैसे ही जानकारी मिली उन्होंने अनिल की निजी मोबाइल पर फोन किया लेकिन अनिल का फोन किसी और व्यक्ति ने रिसीव किया।अनिल के बारे में पूछताछ करने पर फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि झांसी में गिट्टी उतारने के दौरान अनिल की गिट्टी में दबने से मौत हो गयी है। फोन रिसीव करने वाले ने अपना नाम बार-बार पूछे जाने के बाद भी नही बताया। इसके उपरांत अनिल के पिता ने स्थानीय थाने पहुँचकर ट्रक ड्राइवर पर हत्या का आरोप लगाते हुए इसकी लिखित तहरीर दिया। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस झांसी पुलिस से संपर्क कर घटना की जांच करने में जुटी थी।