मधुबन। स्थानीय थाना क्षेत्र के जजौली में शनिवार की शाम को रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव के चलते आग लग गई। इसके चलते एक व्यक्ति की तीन रिहायशी झोपड़ियों सहित उसमें रखे गृहस्थी के सामान जलकर नष्ट हो गए। आग की चपेट में आने से दो युवक झुलस गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतहपुर मंडाव मे भर्ती कराया गया। जजौली निवासी बनारसी राम पुत्र खेतारू के घर शादी समारोह था। घर आए रिश्तेदारों के लिए गैस पर खाना बनाया जा रहा था। इसी बीच गैस में रिसाव के कारण बगल में स्थित रिहाइशी झोपड़ी में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग विकराल रूप धारण ली और आस-पास की झोपड़ियों को भी आग ने अपने आगोश में ले लिया। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक झोपड़ी में रखे कपड़ा, अनाज ठेला, तीन हजार नगदी सहित एक लाख के गृहस्थी के सामान जल कर राख हो गए। आग बुझाने के प्रयास में राजपत पुत्र स्व. घरभरन निवासी दोजपुरा कोपागंज व सर्वेश पुत्र जयप्रकाश निवासी जजौली गंभीर रूप से झुलस गये। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। उधर सूचना देने के बाद भी अग्नि समन दस्ता मौके पर नही पहुंच सके, इसे लेकर लोगो में आक्रोश व्याप्त था।