मधुबन। तहसील क्षेत्र के गंगऊपुर के कोटेदार के अनियमितता के खिलाफ मंगलवार को तहसील गेट का ताला बन्द करके नारेबाजी करने वाले पांच ग्रामीणों को एसडीएम ने बुधवार को भी कार्यालय आने पर पुलिस को सौंप दिया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने पांचों को शांति भंग की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। बता दें कि मंगलवार को गंगऊपुर के कोटेदार पर घटतौली व खाद्यान वितरण करने का आरोप लगाते हुए काफी ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के दौरान एसडीएम तहसील पर नहीं थे। कोई सक्षम अधिकारी ग्रामीणों का पत्रक नही ले सका । इससे नाराज ग्रामीण तहसील गेट का ताला बन्द कर कोटेदार व प्रशासन के खिलाफ जम कर नारेबाजी करने लगे। उस दौरान तहसील सभागार में निर्वाचन से सम्बन्धित लेखपालों की बैठक चल रही थी। बुधवार कोजब एसडीएम तहसील पर पहुंचे तो उन्हें इस बात की जानकारी हुई। इसी बीच बुधवार को भी कोटेदार के विरोध में शिकायत लेकर राकेश मल्ल ,नन्दलाल ,लालबहादुर ,हरि चौहान और शिवनारायण आदि उपजिलाधिकारी के कार्यालय में पहुंच गए। उनके आचरण देख एसडीएम ने पुलिस को बुलाकर सभी को सौंप दिया। पुलिस ने पांचों को लाकअप में पहुंचा दिया। पुलिस ने पांचों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में मुकदमा दर्ज किया है। इनका चालान पुलिस गुरुवार को एसडीएम कोर्ट में करेगी।
इनसेट
गंगऊपुर के कोटेदार के विरुद्ध अनियमितता की शिकायत को देखते हुए एसडीएम ने निंरकार सिंह ने निलंबित करने की संस्तुति कर दिया है। सुभाष यादव