मधुबन। नगर पंचायत मधुबन के वार्ड नंबर 13 पिपरा के लोग आज भी बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। कामर्शियल बिलों का भुगतान करने के बाद भी लोगों को ग्रामीण क्षेत्र की तरह बिजली मिल रही है। जिससे लोग आक्रोशित हैं। शनिवार को गांव के वार्ड में बर जरीना बानो के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि पिपरा गांव वार्ड नंबर 13 नगर पंचायत क्षेत्र में आता है। लेकिन बिजली की सुविधा ग्रामीण क्षेत्र से भी बदतर है। दशकों पूर्व गांव में विद्युतीकरण कराया गया है। गांव के लोगों को आठ से दस घंटा भी बिजली नहीं मिलती है। कामर्शियल बिलों का भुगतान करने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र की तरह बिजली मिलती है। वार्ड को मधुबन स्थित फीडर से जोड़ा जाए। उप जिलाधिकारी निरंकार सिंह का कहना था कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और एसडीओ को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देश दिया गया है। इस अवसर पर इस्लाम अहमद, गोपाल, मुहम्मद हनीफ, बिहारीलाल मौर्य, घनश्याम, सूरत,नेसार, सलाहुद्दीन, सुभाष चंद, शौकत अली आदि शामिल रहे।