मुहम्मदाबाद गोहना(मऊ)। क्षेत्र में नगर पंचायत वलीदपुर के रामनगर खलिसा स्थित स्टार स्टेडियम में नौ दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच सोमवार को वलीदपुर मठिया व मादी सिपाह के बीच खेला गया। फाइनल में वलीदपुर की टीम ने 35 रनों से जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया। टॉस मादी सिपाह ने जीता और पहले फील्डिंग का फैसला किया। वलीदपुर मठिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 107 रन बनाया। जीत के लिए आवश्यक 108 रनों का पीछा करते हुए मादी सिपाह की टीम सात विकेट के नुकसान पर केवल 72 रनों पर ही सिमट गई। इस प्रकार वलीदपुर की टीम 35 रनों से फाइनल मैच जीत लिया। मैच में बेहतर प्रदर्शन के लिए वलीदपुर के खिलाड़ी विजय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। जबकि मादी सिपाह के खिलाड़ी मनोज को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। इसके पूर्व फाइनल मैच के मुख्य अतिथि भासपा नेता व समाजसेवी शिवबचन यादव ने मैच का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा कहा कि खेल को खेल भावना से खेलते रहना चाहिए।