मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के फरीदपुर वार्ड में सोमवार को श्री दुर्गा जी मंदिर में मूर्ति स्थापना को लेकर कलश यात्रा धूमधाम से निकाली गई। कलश यात्रा में हाथी, घोड़े,और बैंड बाजे के साथ शामिल सैकड़ों लोगों ने जयकारा लगाते हुए पुरे कस्बा का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिस्थापित की जाने वाली मां दुर्गा की प्रतिमा सबसे आगे रखकर लोग पूरी भक्ति और जयकारे के साथ कलश यात्रा में शामिल रहे। कलश यात्रा फरीदपुर से होकर शहीद चौराहा, विजय स्तंभ , इदारत गंज , बाजार के रास्ते होते हुए पुन: मंदिर पर पहुंची। मंदिर के पुरोहित के अनुसार पूजन के बाद माता की प्रतिमा को मंत्रोच्चार के बीच स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष पूर्णमासी प्रजापति, माखन लाल, अशोक, मुन्ना, राजदेइ, किन्नू , घुरई, रामप्रवेश, केसरी नंदन, समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।