मुहम्मदाबाद गोहना। तहसील लेखपाल संघ का चुनाव बुधवार को संघ के जिला मंत्री व चुनाव अधिकारी उदयभान यादव की देखरेख में किया गया। अध्यक्ष पद का फैसला चुनाव से किया गया। अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबला में शैलेन्द्र लाल श्रीवास्तव ने तहसील के निवर्तमान मंत्री बाबूराम मौर्य को 20 मतों से हराया। श्रीवास्तव को 53 मत मिले जबकि प्रतिद्वंदी बाबूराम को 33 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन किया गया। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार शैलेंद्र श्रीवास्तव को अध्यक्ष, रामसमुझ को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अजय कुमार कनिष्ठ उपाध्यक्ष, रजनीश गोंड़ मंत्री, पवन कुमार उपमंत्री, जगलाल कोषाध्यक्ष तथा श्रीमती चंदा पाल का सर्वसम्मति से आय व्यय निरीक्षक चुनाव किया गया। बाद में साथी लेखपालों ने निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाईयां दी।