मऊ। नगर के सिकटिया ओवरब्रिज के पास गुरुवार की दोपहर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया जब एक सीमेंट लदा एक ओवरलोड ट्रक एक घर में जा घुसा। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना के दौरान चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं इस घटना के बाद मौके पर पुलिस तैनात हो गई। गुरुवार की दोपहर सिकटिया ओवरब्रिज के पास मौजूद स्कूलों की छुट्टी हुई थी। तेज रफ्तार से बलिया मोड़ की तरफ से आ रही सीमेंट लदी ओवरलोड ट्रक जैैसे ही ओवरब्रिज के नीचे आई, अनियंत्रित हो एक घर में जा घुसी। संयोग रहा कि ट्रक की चपेट में कोई स्कूली बच्चा नहीं आया। घर के बाहर बैठे लोग भी बाल-बाल बच गए। ट्रक के घर में घुसने के बाद वहां का चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया।