चिरैयाकोट स्थित एसबीआई की शाखा में शार्ट सर्किट से लगी आग में जली मशीनें।
- फोटो : mau
चिरैयाकोट (मऊ)। चिरैयाकोट बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सोमवार की रात में बिजली के शार्ट सर्किट से प्रबंधक की केबिन में आग लग गई। इस घटना में उसमें रखे लगभग पांच लाख रुपये के उपकरण जलकर नष्ट हो गए। अब शाखा में सेवाएं बहाल होने में एक हफ्ते का समय लगने का अनुमान बैंक अधिकारी लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार रोजाना की भांति सोमवार को भी बैंक के सभी कर्मचारी बैंक बंद करने के बाद अपने घर चले गए थे। बैंक में मैनेजर के केबिन में ही बैंक का कार्य संचालित करने के लिए मशीनें लगी हुई हैं। रात में बिजली के तारों में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे सर्वर, मॉडम, राउटर, डिलिंक, प्रिंटर, डाटा केवल, एसी आदि जलने लगे। बैंक के खिड़की से निकल रहे धुएं को देख बाहर सो रहे बैंक के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रदीप कुमार पांडेय ने घटना की जानकारी बैंक मैनेजर शिवशंकर प्रसाद को दी। जब तक मैनेजर बैंक शाखा पहुंचे तब तक ये मशीनें जल चुकी थीं। शेष आग को मैनेजर के आने के बाद बुझाया गया। लोगों का मानना है कि यदि रात में ही बैंक का ताला नहीं खुलता तो काफी नुकसान हो जाता और इससे अधिक उपकरण जलने से खाता धारकों की भी परेशानियां बढ़ जातीं। इस संबंध में पूछे जाने पर मैनेजर शिवशंकर प्रसाद ने बताया कि रात में बैंक के सभी बिजली कनेक्शनों को रात में बंद कर दिया जाता है। इसके चलते आग अन्य स्थानों पर नहीं पहुंच पाई फिर भी लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इन उपकरणों के जल जाने से बैंक आज से लगभग एक सप्ताह तक बंद रहेगा अब नई मशीनें आने के बाद ही बैंक का कार्य चालू हो पायेगा।