मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पश्चिम तरफ खीरीबाग मुहल्ले में बुधवार की शाम हमलावरों ने विवाद के बाद युवक को चाकू मार दिया। इस घटना में घायल हुए युवक को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने घायल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना का कारण आपसी विवाद बताया जाता है। घायल पक्ष की तरफ से इस मामले में चार के विरूद्घ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को दबोचा है। शहर के घासीपुरा मुहल्ला निवासी मुमताज (40) पुत्र मुख्तार का मुहल्ला निवासी एक युवक से पुरानी रंजिश चलती है। बुधवार को मुमताज अपने कुछ साथियों के साथ रेलवे स्टेशन के पश्चिम तरफ बैठा हुआ था। तभी उसका विरोधी वहां पहुंचा और बिना कोई बात और विवाद किए उस पर चाकू से वार कर दिया। इस दौरान चाकू युवक के पेट में लगने से मुमताज गंभीररूप से घायल हो गया। इसबीच आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को आनन फानन उपचार के लिए सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। इस बाबत घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने साजिद सहित चार हमला आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो हमला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शेष दो की तलाश पुलिस कर रही है।