मऊ। बीएसए के निर्देश पर मोबाइल लोकेशन से जांच करने पर छह परिषदीय विद्यालयों के 10 शिक्षक गैरहाजिर मिले। बीएसए ने इन सभी का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है। साथ ही एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने को कहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की उपस्थिति की जांच के लिए मोबाइल लोकेशन प्रक्रिया शुरू कराई है। सोमवार को इसी प्रक्रिया के तहत जांच में फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हसनपुर की शिक्षामित्र इंद्रावती देवी, सुखिया देवी अनुपस्थित मिली। दोहरीघाट के सहायक अध्यापक सीताराम गुप्ता, शिक्षामित्र सुमिता चौहान, कंपोजिट विद्यालय जमुनीपुर के सहायक अध्यापक जयबहादुर, शिक्षामित्र विजय कुमार, मुहम्मदाबादगोहना ब्लाक क्षेत्र के शिक्षामित्र प्रमिला यादव, परदहां के प्राथमिक विद्यालय अहिलाद की शिक्षामित्र गीता देवी, फतहपुर मंडाव के प्राथमिक विद्यालय हबीबपुर नियामतपुर के सहायक अध्यापक सुधाकर गुप्ता, दीपक राय गैरहाजिर मिले। बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कार्य में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालय से अनुपस्थित छह विद्यालयों के लापरवाह 10 शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया है। साथ ही एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।