मऊ। तहसील सदर बार एसोसिएशन के सभागार में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य बार काउंसिल हरिशंकर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। अधिवक्ता हितों और कल्याण के प्रति सदैव सचेत रहने व अपने स्तर से तत्पर रहने का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि अब समय आ गया है अधिवक्ता हितों की उपेक्षा उनके स्तर से नहीं होनी चाहिए। सरकार को अधिवक्ताओं की लिए दस लाख का स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देना चाहिए। गंभीर बीमारियों में मुफ्त इलाज की व्यवस्था सहित वृद्धों को पेंशन से सुसज्जित करने के साथ-साथ न्यायालय परिसर में उनके बैठने व पुस्तकालय की व्यवस्था करना चाहिए।
साथी अधिवक्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए विधि और न्याय क्षेत्र से इधर कार्यों में आर्थिक हितों की पूर्ति के लिए हाथ बताने से सचेत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके समक्ष अधिवक्ताओं के बैठने के लिए तहसील परिसर में हाल के निर्माण सहित अन्य आवश्यकताओं को समाधान के प्रति आश्वस्त किया।
उप जिलाधिकारी सदर आनंद कुमार कनौजिया ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए नए कार्यों में समन्वय के साथ वाद कार्य को न्याय दिलाने के प्रति आश्वस्त किया।
कार्यक्रम में तहसीलदार सदर चकबंदी अधिकारी राकेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार व सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री हरिद्वार राय, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पारसनाथ यादव, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीएम शाह, अमरेश कुमार सिंह तहसील बार मोहम्मदाबाद गोहना के अध्यक्ष खाली जमाल खान, तहसील बार मधुबन के अध्यक्ष धनंजय पांडेय, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ईश्वर चंद्र त्रिपाठी सहित जनपद के सभी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने उपस्थित होकर शुभकामनाएं दी।
तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील कुमार राय, मंत्री पंकज कुमार श्रीवास्तव ने सभी आगत अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान तहसील बार एसोसिएशन के सदस्य बद्रीनाथ सिंह, राजेंद्र चौहान, अजीत कुमार श्रीवास्तव, राम प्रकाश तिवारी, धनंजय कुमार पांडेय, दीपक राय, पंकज राय, अब्दुर्रहमान आदि शामिल रहे। अध्यक्षता एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन प्रभुनाथ सिंह तथा संचालन अतुल कुमार राय ने किया।