मऊ। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से जल्द ही 10 हेल्थ वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। इन सेंटरों पर ओपीडी के साथ शुगर, उच्च रक्तचाप सहित कई बीमारियों की जांच भी हो सकेगी।जिला अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ कम करने के लिए सरकार की तरफ से हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। जिला अस्पताल में मरीजों को जो दवा लिखी जाएगी, उसे घर के नजदीक बने इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से लिया जा सकेगा। नियमित रूप से जांच हो सकेगी। जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस के जरिए मरीजों को रेफर भी किया जाएगा। जिले में कटिहारी बुजुर्ग, देवलास, करहां बाजार, करनी, गोकुलपुरा, सिपाह, अमिला, कसारा, मझवारा, कमलसागर सहित 10 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को मंजूरी मिली है। शासन के अनुसार प्रत्येक सेंटर के निर्माण पर साढ़े सात लाख रुपये खर्च होंगे। सेंटर बनाने के पीछे सरकार की मंशा यह है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अपने क्षेत्र में ही ओपीडी की सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही इन केंद्रों पर शुगर, उच्च रक्त चाप, मुख, गर्भाशय एवं स्तन कैंसर की जांच के साथ ही सामान्य बीमारियों की जांच और दवा उपलब्ध होगी। सुरक्षित प्रसव, किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन, टीकाकरण आदि की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन केंद्रों पर योग से लोगों को निरोगी बनाने के लिए गतिविधियां संचालित होगी। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी डॉ. जयराम यादव ने बताया कि जिले में 10 स्थानों पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगेगी।