बलदेव (मथुरा)। ब्लाक क्षेत्र के गांव गढ़सौली में सोमवार देर शाम युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया गांव के आधा दर्जन से अधिक युवक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। शाम को अचानक तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी। साथ ही तेज बिजली कड़की। युवक खेल छोड़ आसपास बचने का स्थान तलाशने लगे। अधिकांश युवक पास ही एक घर में घुस गए। 20 वर्षीय युवक राकेश तोमर पुत्र हाकिम तोमर एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी तेज आवाज के बिजली पेड़ के नीचे खड़े युवक पर गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन युवक को चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसने राकेश को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हाकिम तोमर के दो बेटों में राकेश बीएससी करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रहा था। वह भाकियू अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर के चचेरे भाई थे।