मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के गांव जरारा में एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इससे नाराज मृतक के परिजनों व परिचितों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया। इसे देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। कार्रवाई के आश्वासन पर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में पांच नामजद व दो अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
शिवकुमार (22) पुत्र चरणदास निवासी जरारा, सुरीर मजदूरी करता था। उसके भाई दिनेश ने रिपोर्ट में बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे शिवकुमार खाना खाने के बाद टहलने गया था। तभी गांव के इंद्रपाल व उसके बेटे सौरभ, पवन पुत्र धर्मवीर, विष्णु, अखिलेश और दो अज्ञात लोगों ने लाठीं-डंडे और सरिया से उसे जमकर पीटा। इसकी जानकारी मिलते ही उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। बुधवार शाम शिवकुमार को जयपुर से दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिवार वाले देर रात शव लेकर गांव पहुंचे। यहां पहुंचते ही परिजनों व परिचितों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शव पोस्टमर्टम के लिए भेजा। बृहस्पतिवार को थाना सदर पुलिस और राया पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।
हमले से पहले शिवकुमार का वीडियो वायरल
घटना के पीछे की वजह को लेकर गांव में कई तरह की चर्चा हो रहीं है। एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर कुछ लोगों को गाली देते हुए दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह शिवकुमार का वीडियो है। यह 28 अप्रैल का बताया जा रहा है। मृतक शिवकुमार के भाई दिनेश का आरोप है कि हमलावर पक्ष के लोगों द्वारा उससे गाली-गलौज की गई थी। इधर, गांव में यह भी चर्चा है कि इस वारदात के पीछे कोई महिला संबंधी प्रकरण है। हालांकि पुलिस विवेचना के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कह रही है।
परिवार कर रहा था शादी की तैयारी
शिवकुमार चार भाई और तीन बहनों में चौथे नंबर का था। भाई दिनेश ने बताया कि तीन मई को मुरसान, हाथरस से रिश्ते के लिए कुछ लोग उसे देखने के लिए आने वाले थे। परिवार में इसको लेकर खुशी थी। इधर, वारदात के बाद मृतक की मां विमला देवी बदहवास हालत में है। गांव में बृहस्पतिवार को चूल्हे तक नहीं जले। एहतियातन पुलिस बल भी तैनात किया गया है।