मथुरा में निर्माण निगम के एक्सईएन ने योगाचार्य बन बच्चियों से ऐसी हरकत कर दी कि लोग गुस्से से आग बबूला हो गए। एक्सईएन को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की गई, जिसके बाद आरोपी को पुलिस के सौंप दिया गया।
मथुरा शहर की पॉश राधा कालोनी में बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां रह रहे निर्माण निगम के एक्सईएन ने खुद को योगाचार्य बताते हुए बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ की। इस पर यहां के लोगों ने उसे पकड़कर बुरी तरह से पीटा और पुलिस को सौंप दिया। इसी कालोनी में रह रहे महापौर विनोद अग्रवाल के आवास पर हंगामा किया और मसानी रोड पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
राधा आर्चिड में बृहस्पतिवार की शाम यह हंगामा हुआ। महापौर विनोद अग्रवाल के फ्लैट में रह रहे एक्सईएन को लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि पार्क में खेल रही बालिकाओं को उसने अपने पास बुलाया। खुद को योगाचार्य बताकर लंबाई नापने के बहाने उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। यह सब देख रही दूसरी बच्ची घबराकर घर पहुंची और परिजन को पूरी बात बताई। इस पर आरोपी को पीटकर पुलिस को सौंपा गया।
साथ ही महिलाओं ने महापौर के आवास पर हंगामा किया और महापौर के विरोध में नारे लगाए। महापौर पर एक्सईएन को सपोर्ट करने आरोप लगाया। महिलाओं की महापौर से झड़प भी हुई। बाद में महिलाओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर मसानी मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस का भी विरोध किया। पुलिस को कालोनी के भीतर बंद कर दिया गया और बाहर जाम लगाया गया। देर रात तक थाने पर भीड़ जमा थी और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही थी।
उधर महापौर का कहना है कि उन्होंने को कुछ दिन के लिए केवल फ्लैट एक्सईएन को रहने के लिए दिया था। उसने छेड़छाड़ की जिस पर उसे पुलिस को सौंपा गया है। यह एक्सईएन हाल ही में अयोध्या से स्थानांतरित होकर मथुरा आया है।