मथुरा। हम बेटियों का साथ देने से पीछे नहीं हटेंगे। जिन बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है वो तीन माह से न्याय के लिए चक्कर काट रहीं हैं। उनकी सुनवाई तक नहीं हो रही है।
कांग्रेस से राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि याैन शोषण के आरोपों से घिरे भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कैसरगंज से भाजपा सांसद ब्रजभूषण सिंह कभी कहते हैं कि हरियाणा के नेता फंसा रहे हैं तो कभी उद्योगपतियों पर आरोप लगा रहे हैं,लेकिन हम सत्य के साथ हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के आरोपी अपने आरोपों से बचने के लिए क्या कह रहे हैं इस बात के मायने नहीं हैं। हम धन्यवाद करते हैं सुप्रीम कोर्ट का, जिसके आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हो सकी। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा मान सम्मान और बेटी की इज्जत से जुडे संवेदनशील मामले को भी राजनीति के नजर से देख रही है । पूरी भाजपा सांसद के पक्ष में खडी हो गई है लेकिन बेटी को न्याय दिलाने कोई सामने कोई नहीं आ रहा है।