मथुरा। गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान रेलयात्री का पर्स चोरी हो गया। पर्स में नकदी, ज्वेलरी और कीमती सामान रखा था। रेलयात्री की शिकायत पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस ट्रेन में एक के बाद एक आपराधिक वारदात सामने आ रही हैं। बोरीवली मुंबई निवासी तेजल भाविन देसाई ने जीआरपी थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तेजल के मुताबिक वह परिवार के साथ 29 मार्च को अमृतसर से मुंबई जाने के लिए गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुई थीं। ट्रेन के एसी कोच संख्या ए 3 की सीट नंबर 33 पर उनका आरक्षण था।
रात करीब 10 बजे उनका पर्स सीट से चोरी हो गया। 30 मार्च की प्रात: करीब 6 बजे ट्रेन मथुरा जंक्शन पर पहुंची तो पर्स नहीं मिला। पर्स में करीब 1 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, ब्रांडेड घड़ी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, बैंक एटीएम, घर की चाबी और 15 हजार की नकदी रखी थी। थानाध्यक्ष संदीप तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।