मथुरा। बेटी और दामाद के साथ मथुरा घूमने आई बुजुर्ग महिला हरिद्वार जाते समय ट्रेन के अंदर से लापता हो गई है। तीन दिन से बेटी और दामाद तलाश कर रहे हैं, लेकिन सुराग नहीं लग पाया है। पीड़ित परिवार ने जीआरपी थाने में शिकायत की है।
शनिवार को मथुरा जंक्शन पर जीआरपी से शिकायत करने पहुंचे झारखंड निवासी नरेश पंडित ने बताया कि पत्नी सुभद्रा, साली किरन देवी और सास जया देवी के साथ मथुरा घूमने आए थे। बीती 28 फरवरी को रात सवा 12 बजे वे हरिद्वार जाने के लिए बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए। कोच एस टू में उनका रिजर्वेशन था। रात होने की वजह से सभी लोग अपनी-अपनी सीट पर सो गए।
कोसीकलां से आगे निकलने के बाद उनकी आंख खुली तो सास जया देवी सीट से गायब थीं। वह मुजफ्फरनगर तक पहुंच गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लौटकर मथुरा आए। चलती ट्रेन में से बुजुर्ग जया देवी अचानक से कहां गायब हो गईं। ये सवाल परिवार के सभी सदस्यों को परेशान कर रहा है। नरेश पंडित की शिकायत पर जीआरपी ने महिला जया देवी की तलाश शुरू कर दी है।