- खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर संचालन मुश्किल
- गत 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने किया था हेलिपोर्ट का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद गोवर्धन की बहुप्रतीक्षित हेलिकॉप्टर सेवा में भी जान आ जाएगी। दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्घाटन करने के बाद से अभी तक गोवर्धन से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू नहीं हो सकी है। इसके पीछे कम दृश्यता को कारण बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि फरवरी माह में इसका संचालन शुरू हो जाएगा।
सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले एक माह में गोवर्धन हेलिपोर्ट से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हो जाएगी। चार हेलिकॉप्टर गोवर्धन के पैठा हेलिपोर्ट से उड़ान भरेंगे और श्रद्धालुओं को परिक्रमा लगवाएंगे, लेकिन इस प्रकिया में फिलहाल खराब मौसम रोडा बना है। फिलहाल सर्दी का मौसम चल रहा है और गोवर्धन क्षेत्र में ग्रामीण परिवेश होने के चलते कोहरा और ज्यादा गहरा हो जाता है। इसी मौसम को देखते हुए हेलिकॉप्टर सेवा फिलहाल स्थगित है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विगत 25 दिसंबर को बटेश्वर से आगरा-मथुरा में हेलिपोर्ट का उद्घाटन किया था। पर्यटन विभाग की राज्य योजना के तहत गोवर्धन स्थित गांव पैठा में हेलिपैड की स्थापना कराई गई है। हेलिपोर्ट के रखरखाव और संचालन के लिए राजस एरोस्पोर्टस एडवेंचर्स प्रालि को जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या भेजे गए हैं हेलिकॉप्टर
अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक उप्र पर्यटन मंत्री ने गोवर्धन से संचालित होने वाले चार हेलिकॉप्टर अयोध्या में कार्यक्रम की तैयारियों में लगा रखे हैं। वैसे भी प्रदेश सरकार का पूरा ध्यान इस कार्यक्रम को भव्य बनाने में है। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद हेलिकॉप्टरों का गोवर्धन आने का सिलसिला प्रारंभ होगा।
गिरिराजजी की होगी हेलिकॉप्टर से परिक्रमा, पर्यटन में होगी वृद्धि
गोवर्धन में हेलिपोर्ट सेवा प्रारंभ होने से यहां से आगरा, दिल्ली आदि जगहों पर हेलिकॉप्टर सेवा का लाभ लिया जा सकता है। खासकर गोवर्धन पर्वत को हेली परिक्रमा भी कराई जाएगी। पूर्व में दो साल हेली परिक्रमा कराई गई थी, जिसका प्रयोग काफी सफल रहा था। पहली साल में ही 450 और दूसरी साल में करीब 600 लोगों ने हेली परिक्रमा लगाई थी।
-
फिलहाल खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर संचालन नहीं हो पा रहा है। फरवरी में कार्यदायी संस्था हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ करेगी।
- मयंक गोस्वामी, एसडीएम गोवर्धन