कोसीकलां। हैकर ने दो युवकों के व्हाट्सएप हैक कर फोन लिस्ट से मित्रों व परिजन से पैसों की मांग की है। पैसे पेटीएम और फोन पे पर मांगे जा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर साइबर सेल को भेज दी है।
बैंक कॉलोनी निवासी प्रतीक अग्रवाल एवं मनीराम बांस निवासी अरुण कुमार मंगला के व्हाट्सएप नंबर को हैक कर लिया। दोनों ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि व्हाट्सएप प्रोफाइल लगा कर मित्रों एवं परिचित को मैसेज भेजकर रुपये मांगे जा रहे है। दोनों को इसकी जानकारी परिचितों ने मोबाइल पर दी। विशेषज्ञ के अनुसार हैकिंग तभी संभव है, जब वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) साझा किया गया हो या आपका वर्चुअल नंबर खरीद कर व्हाट्सएप एक्टिवेट किया गया हो। संवाद
कोल्ड का रखें ध्यान, नहीं होंगे ठगी के शिकार
अगर आप सीओएलडी यानी कोल्ड का ध्यान रखेंगे तो ठगी के शिकार नहीं होंगे। सी का मतलब कार्ड (क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड) की डिटेल और ओ यानी ओटीपी किसी से साझा न करें। इसी तरह एल यानी लिंक इसका मतलब है कि किसी अनजान लिंक को क्लिक न करें। डी का मतलब डाउनलोड करने से पहले चेक करें। जो इस मंत्र को ध्यान में रखते हैं वे ठगी के शिकार नहीं हो सकते हैं।
-अनुज कुमार राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोसीकलां।