फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: जलापूर्ति सुधरेगी, जर्जर सड़कों से मिलेगी निजात

विज्ञापन
विज्ञापन
मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम बोर्ड ने मंगलवार को शहरी विकास के लिए 587 करोड़ रुपए के बजट पर मुहर लगा दी। जनरलगंज स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में विपक्षी पार्षदों के सवालों-आरोपों के बीच वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। सबसे अधिक राशि 75 करोड़ रुपये शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने व अपशिष्ट निस्तारण पर खर्च की जाएगी। टूटी-फूटी सड़कों और रोशनी व्यवस्था के लिए 44 करोड़ का प्रावधान किया गया।
विज्ञापन


महापौर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड की बैठक में नगर आयुक्त शशांक चौधरी के निर्देशन में लेखाधिकारी राजेश कुमार गौतम ने सबसे पहले चालू वित्तीय वर्ष के अवशेष समय के लिए पुनरीक्षित बजट पेश किया। इस पर आम सहमति के बाद बोर्ड ने आगामी वित्तीय वर्ष का 587 करोड़ का मूल बजट पेश किया। इसमें सकल प्राप्ति के रूप में 413 करोड़ सहित 587 करोड़ की कुल आय का ब्योरा दिया गया। इसमें से 580 करोड़ का व्यय भी निर्धारित है।

बजट में सड़कों की मरम्मत पर 10 करोड़, सामान्य प्रशासन पर साढ़े 5 करोड़, कर एवं राजस्व विभाग पर 4 करोड़, सफाई कर्मचारियों पर 25 करोड़, आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों पर 15 करोड़, जलकल विभाग पर 9 करोड़, पेंशन मद में 21 करोड़, नलकूप संचालन पर 12 करोड़, गोशालाओं पर गोवंश के लिए भूसे के लिए 2 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसी के साथ चालू वित्तीय वर्ष में गृहकर और जलकर अदायगी पर पर दी जाने वाली 10 प्रतिशत छूट की अवधि को 1 फरवरी 2024 से 31 मार्च 2024 तक बढ़ाए जाने को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
विज्ञापन


बैठक के दौरान बताया गया कि वार्षिक बजट में 413 करोड़ की सकल प्राप्ति होनी है, जिसमें से राज्य अनुदान से 190 करोड़ रुपये मिलेंगे। 15 वें वित्त आयोग से 66 करोड़ तथा स्मार्ट सिटी के तहत 50 करोड़ रुपए मिलेंगे। इसी प्रकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना में भी एक करोड़ रुपए मिलेंगे। बैठक में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सहित सभी अधिकारी व पार्षद राधाकृष्ण पाठक, राकेश भाटिया, बालकृष्ण चतुर्वेदी, संजय अग्रवाल, राजीव सिंह, राजवीर सिंह, पुनीत बघेल, ब्रजेश खरे, वैभव अग्रवाल, नीलम गोयल आदि मौजूद रहे।

कैसे खर्च होंगे 3 माह में 320 करोड़
बजट पर चर्चा के दौरान भाजपा पार्षद दल ने नेता चौधरी राजवीर सिंह ने बजट की आय-व्यय की बैलेंस शीट सभी पार्षदों को उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारी, आउट सोर्सिंग सेवक, जलापूर्ति, शौचालय, वाहन मरम्मत एवं सड़क निर्माण आदि पर खर्चों को लेकर चर्चा की। चालू वित्तीय वर्ष में दिसंबर 2023 तक यानी 9 माह में 177 करोड़ का बजट पर खर्चा दिखाया गया है तथा आगामी 3 माह में 320 करोड़ रुपए खर्च करने के प्रस्ताव के बारे में चौधरी राजवीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों से ब्योरा मांगा कि यह राशि किन-किन मदों में कहां-कहां खर्च होनी है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों को कमेटी गठन करने की भी मांग की है।


तीनों एसटीपी बंद, कैसे साफ होगी यमुना
वार्ड नंबर 58, गऊघाट की पार्षद नीलम गोयल ने बताया कि कर्मचारियों की लापरवाही से उनके क्षेत्र के तीनों एसटीपी बंद हैं। इसकी वजह से यमुना में गंदा पानी जा रहा है। उन्होंने नगर निगम की राजस्व वृद्धि के लिए अपने क्षेत्र की 11 सरकारी दुकानों से 1500 रुपए प्रतिमाह लेने की मांग की और कहा कि उनके क्षेत्र में पेयजल के लिए पाइपलाइन नहीं डाली गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें