मथुरा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में दिन में शराब पीने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दो युवक कार्यालय के पीछे आराम से शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही इसकी जानकारी कुछ लोगाें को हुई तो उन्होंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो बनते देख दोनों युवक सकपका गए और वहां से उठ खड़े हुए। इनमें से एक ने अपना बैग उठाया और अपने साथी के साथ चल दिया। वीडियो में तख्त पर शराब की बोतल, पानी की बोतल और नमकीन का पाउच रखा हुआ दिख रहा है। एक व्यक्ति उन दोनों में से एक युवक से पूछते हुए दिख रहा है कि क्या तुम यहां कर्मचारी हो, लेकिन सामने वाला कोई जवाब नहीं दे रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह बुधवार दोपहर का मामला है। दोनों युवक बाहरी युवक हैं। इन्हें शराब पीते हुए हमारे चालक ने ही देखा था। वीडियो बनते देख दोनों युवक भाग खड़े हुए। उन्हें इसकी जानकारी बाद में मिली। कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि आगे ऐसी कोई घटना नहीं होनी चाहिए।