- किशोरी ने कहा, युवक से दोस्ती पिता को नामंजूर, इसलिए दर्ज कराया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। सुरीर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 12वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में नया मोड़ आ गया है। छात्रा ने मजिस्ट्रेटी बयान में साफ तौर पर कहा है कि उसके साथ कोई वारदात नहीं हुई। पिता द्वारा नामजद कराए आरोपियों में से एक से उसकी दोस्ती थी, जो कि पिता को नागवार थी। उसने पिता से खुद को खतरा भी बताया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर छात्रा को नारी निकेतन भेज दिया है। इधर, पुलिस ने मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगा दी है। 17 वर्षीय किशोरी के पिता ने 16 नवंबर को आरोप लगाया था कि उनकी बेटी घर से विद्यालय को निकली थी। रास्ते में गांव का युवक गौरव उसे जबरन घर में खींच ले गया। पुत्री के साथ वहां पहले से मौजूद अन्य तीन युवक और गौरव ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। एसपी देहात त्रिगुण बिषेन के अनुसार छात्रा के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगा दी है।