कोसीकलां (मथुरा)। गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश अब उद्योग क्षेत्र का पावर हाउस बन गया है। बेहतर माहौल एवं सुरक्षित वातावरण के चलते अब देश के ही नहीं विदेशों से भी कंपनियां यहां अपने उद्योग लगाने के लिए आ रहे हैं।
मुख्य सचिव डाॅ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में अभी दस लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावित हैं। दोनों बुधवार को कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में फ्रांस की एयर लिक्विड कंपनी द्वारा स्थापित एयर सेपरेशन यूनिट के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
गन्ना मंत्री ने कहा कि तत्कालीन सीएम नारायण दत्त तिवारी ने कोसीकलां को औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया तो उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। आज जनता उद्योग स्थापना पर सरकार के साथ खड़े होकर बेहतर सहयोग कर रही है। कोटवन औद्योगिक क्षेत्र का बेहतर माहौल यहां की जनता के सहयोग का उदाहरण है। चौधरी ने एयर लिक्विड परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश पहले कृषि उत्पादन के लिए जाना जाता था। अब उद्योग इसकी पहचान बनते जा रहे है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6-7 वषो में बेहतर माहौल तैयार किया है। यहां एयर लिक्विड कंपनियों समेत कई बड़ी कंपनियों ने निवेश किया है।
एयर लिक्विड का एयर सेपरेशन यूनिट का भी प्रदेश ने भरोसा जीता और आज यह संचालित हो गई हैँ। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि यह खुशी की बात है कि मल्टीनेशनल कंपनी ने यहां निवेश कर प्लांट लगाया। कंपनी के ब्रांड अंबेसडर डा. फेयरी मैथो ने सभी का स्वागत कर बेहतर उत्पादन, सेवाओं का आश्वासन देते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट चिकित्सा एवं उद्योगों के लिए बेहतर कार्य करेगा। कार्यक्रम में मंत्री नरदेव चौधरी, फ्रेंच डेलीगेट एरिक फजोके, बाइस प्रसीडेंट निकोलस पायरोड, एमडी विनोय रिनोट, तरूण कुमार, प्रोजेक्ट मनैजर विषी अग्रवाल, पायलो मैकोर, एचआर मैनेजर रिषीनाथ, योगेंद्र सिंह, समीर गप्ता, करूणनिधि, अमित राजवंशी, राजेश राणा, पीयूष आदि थे।