मथुरा। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत शुक्रवार को प्रथम पाली में इंटर की नागरिक शास्त्र और दूसरी पाली में इंटर के व्यावसायिक वर्ग की सामान्य आधारिक विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इसमें प्रथम पाली में 225 और दूसरी पाली में 42 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
शुक्रवार की प्रथम पाली में हाईस्कूल की पाली, अरबी, फारसी भाषा और इंटर की नागरिक शास्त्र की परीक्षा थी। इसमें हाईस्कूल में भाषा के पेपर में जिले में कोई परीक्षार्थी पंजीकृत नहीं था। जबकि नागरिक शास्त्र की परीक्षा में 4360 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 4135 परीक्षार्थी उपस्थित और 225 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में इंटर के ही व्यावसायिक वर्ग में सामान्य आधारिक वर्ग की परीक्षा हुई।
इसमें पंजीकृत कुल 985 के सापेक्ष 943 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि 42 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शुक्रवार को दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। डीआईओएस भास्कर मिश्र ने बताया कि जिले में प्रथम एवं द्वितीय पाली की परीक्षा शुचितापूर्ण संपन्न हुई। परीक्षार्थियों की कम संख्या होने के बाद भी सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी में ही परीक्षा आयोजित कराई गई। सचल दलों ने भी अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाई।