मथुरा। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाईवे थाना क्षेत्र में आरटीओ कट स्थित पुल के पास बुधवार शाम बाइक सवार पिता-पुत्र को ट्रक ने टक्कर मार दी। पुत्र बाइक से गिरकर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक व उसके चालक की तलाश जारी है। 14 वर्षीय लोकेश उर्फ लकी निवासी बालाजीपुरम, कई दिनों से बीमार था। बुधवार शाम पिता उसे डाक्टर के पास दवा दिलाने गए थे। लौटते वक्त करीब चार बजे आरटीओ कट स्थित पुल पर बाइक में एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। लोकेश ट्रक के नीचे आ गया और उसके पिता सड़क किनारे जा गिरे। हादसा देख लोगों ने शोर मचाया। मगर, ट्रक चालक भाग गया। पुलिस ने घायल पिता को अस्पताल भेजा। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रक व उसके चालक की तलाश की जा रही है।