मथुरा। पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को वार्ड 18 अंतर्गत अंबाखार पापड़ापीर के लोग नई पाइप लाइन के लिए नगर आयुक्त के पास पहुंचे। लोगों ने लीकेज के चलते पुरानी पाइप लाइन में दूषित जल आने की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन माह से लीकेज का पता नहीं चल सका है। ऐसे में नई पाइपलाइन बिछाए जाने की जरूरत है।
दरअसल वार्ड 18 के अंबाखार पापड़ा पीर में तीन माह से गंदा पानी आ रहा है। लोगों ने नगर आयुक्त को बताया कि इस पानी को पीने से कई लोग बीमार हो गए थे। इस पर नगर आयुक्त अनुनय झा ने महाप्रबंधक जलकल को समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान गोमा, रेनू, मिथलेश, अभिषेक, रजनी, सीमा, कमला, अनीता आदि मौजूद रहे। वार्ड 64 अंतर्गत भरतपुर गेट सराय में पानी की आपूर्ति न होने पर प्रभावित महिलाएं पार्षद बालकिशन चतुर्वेदी के घर पहुंच गईं। महिलाओं के आग्रह पर पार्षद ने पानी की आपूर्ति सुचारू कराई, लेकिन सराय के पिछले हिस्से में फिर भी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। प्रभावित लोगों ने पार्षद से शिकायत की कि सराय के अगले हिस्से में रहने वाले लोग दबंगई से नलों में टोटी नहीं लगाते हैं। पानी व्यर्थ बहता रहता है, इससे प्रेशर के अभाव में पानी पिछले हिस्से तक नहीं जाता है।