मथुरा। सराफा व्यवसायी के नौकर ने जहरखुरानी का शिकार होने का नाटक रचकर 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 10 लाख 60 हजार की नकदी अपने भाइयों के साथ मिलकर चोरी कर ली। कोतवाली पुलिस ने 15 दिन के अंदर मुख्य आरोपी को उसके दोनों भाइयों के साथ गिरफ्तार कर चोरी की धनराशि और सोने-चांदी के जेवरात की शत प्रतिशत बरामदगी की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद त्रिपाठी ने बताया कि थाना गोविंद नगर की गायत्री तपोभूमि के सामने स्थित माधव कुंज निवासी अंकित खंडेलवाल सोने-चांदी की ज्वेलरी के होलसेल का कार्य करते हैं। 21 सितंबर को उन्होंने अपने यहां काम करने वाले भूतेश्वर स्थित प्रकाश नगर निवासी देवेश गोला उर्फ बबलू को सोने-चांदी का कच्चा और तैयार माल लेने के लिए बरेली भेजा। बरेली से उसने 20 किलो चांदी, 210 ग्राम सोने के जेवरात तथा 10 लाख 60 हजार की नकदी व्यापारियों से एकत्रित की।
50 लाख रुपये का माल देखकर उसकी नीयत खराब हो गई। उसने आगरा के थाना ताजगंज स्थित कलाल खेरिया निवासी अपने भाई आजाद गोला और मोहित गोला को फोन करके बरेली बुलाया और चोरी की योजना बनाई। देवेश गोला उर्फ बबलू ने भाइयों को नकदी और जेवरात दे दिए और अंकित खंडेलवाल को मथुरा आकर जहरखुरानी का शिकार होने की झूठी कहानी सुना दी। अंकित खंडेलवाल ने इस मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई।
लाखों रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी होने पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने मामले के खुलासे के लिए कोतवाली के साथ स्वाट और सर्विलांस की टीम को भी लगाया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पता किया तो वारदात वाले दिन तीनों भाइयों के मोबाइल की लोकेशन बरेली में एक ही स्थान पर मिली। इस पर शनिवार को पुलिस ने देवेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर नकदी और जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए पूरे माल और नकदी को बरामद किया है।
चोरी गया यह माल हुआ बरामद
08 सिल्ली (सफेद धातु), 11 जोड़ी बच्चों के हाथ के कंगन (सफेद धातु), 15 छत्र, जिनमें 03 बड़े, 04 मध्यम व 08 छोटे (सफेद धातु), 01 किलो 600 ग्राम पायल (सफेद धातु), 06 टुकड़े (पीली धातु) और 10 लाख 55 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
खुलासे में यह टीम रही शामिल
मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली उमेश चंद्र त्रिपाठी, निरीक्षक अपराध अमित चौहान, स्वाट टीम प्रभारी अभय कुमार शर्मा, सर्विलांस सेल प्रभारी विकास शर्मा, बंगाली घाट चौकी प्रभारी नितिन त्यागी, बाग बहादुर चौकी प्रभारी मांगेराम, एसआई वीरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विश्वेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, अतेंद्र कुमार, बबनेश कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, स्वाट के हेड कांस्टेबल अखिल कुमार, सर्विलांस के राघवेंद्र तोमर, स्वाट के कांस्टेबल रमन चौधरी, प्रीत कुमार, राहुल बालियान, योगेश कुमार, आशुतोष शामिल रहे।