मथुरा। उधार दी रकम न मिलने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी से तंग आकर एक युवक ने कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी। मामला हाईवे थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मीरा विहार काॅलोनी (पालीखेड़ा), हाईवे निवासी महीपाल उर्फ गब्बर कीटनाशक की दवा की कंपनी में फील्ड अफसर के तौर पर काम करता था। मूलरूप से मगोर्रा के गांव नगला सोन का रहने वाला था। परिवार में पत्नी अनीता सहित दो पुत्र हैं। परिजनों ने बताया कि गब्बर ने शुक्रवार सुबह कीटनाशक खा लिया। निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार सुबह मौत हो गई।
भाई सत्यवीर सिंह ने बताया कि ननिहाल के रिश्तेदार भरतपुर के ताखा निवासी सगे भाई प्रकाश, नीरज व धीरज ने कई साल पूर्व पांच लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। यह रकम बढ़कर आठ लाख हो गई। कई बार मांगने के बाद भी आरोपी पैसे नहीं दे रहे थे। महीपाल को दुष्कर्म के मामले में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
इसी से तनाव में आने पर महीपाल ने आत्महत्या की है। कीटनाशक खाने से पहले सुसाइड नोट में भी लिखा है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में मय साक्ष्य ले लिया है। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों पर मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।