बरसाना। राधारानी मंदिर के दर्शनों को लेकर पांच सदस्यीय रिसीवर कमेटी ने मंदिर की समय सारणी तय कर दी है। इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। अब मंदिर के दर्शन नए नियम से कराए जाएंगे।
सोमवार को मंदिर में ग्रीष्म व शीतकालीन समय सारणी बनाकर जारी की गई है। इसमे ग्रीष्म ऋतु में मंगला आरती भोर में 5 बजे, शृंगार आरती 7:30 बजे, राजभोग आरती दोपहर 1 बजे और 1:10 बजे दोपहर में मंदिर के पट बन्द हो जाएंगे। शाम को दर्शन खुलने का समय 5 बजे रहे। संध्या आरती 7:30 बजे व शयन आरती 9 बजे होगी। वहीं शरद ऋतु में मंगला आरती सुबह 6 बजे, शृंगार आरती 8:15 और राजभोग आरती का समय 1 बजे व दोपहर 1:10 पर मंदिर के पट बंद हो जाएंगे। शाम को मंदिर खुलने का समय 4 बजे, संध्या आरती 6 बजे, शयन आरती 8 बजे व 8:10 पर मंदिर के पट बंद करने का समय निश्चित किया है। राधा रानी के दर्शनों का समय निश्चित होने से सेवायत व ग्रामीणों में खुशी है। लोगों का कहना है मंदिर में आरती व दर्शनों का कोई निश्चित समय नहीं था। सारणी बनने से श्रद्धालु राधारानी के दर्शन समय से कर सकेंगे। रिसीवर प्रवीन गोस्वामी ने बताया मंदिर की समय सारणी सेवायतों के मुखिया रामभरोसे गोस्वामी, जगन्नाथ शास्त्री, रसिक मोहन गोस्वामी, रमेश गोस्वामी, बाबूलाल गोस्वामी, हरिओम गोस्वामी आदि के सहयोग से बनाई गई है। संवाद