मथुरा। चार दिन बीतने के बाद भी जंक्शन से महिला का बच्चा चुराने वाले आरोपी का सुराग नहीं लग पाया है। सीसीटीवी फुटेज से मिली धुंधली तस्वीर के बाद अब सिर के अगले हिस्से में कम अब बाल वाले संदिग्ध जीआरपी टीम के रडार पर हैं।
महिला को चकमा देकर 8 माह के बच्चे को उठा ले जाने वाला आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। आरोपी की तलाश में जीआरपी की तीन टीमें 3 जिलों में डेरा डाले हुए हैं। मथुरा के साथ आगरा और हाथरस में दबिश दे रही हैं। जीआरपी टीम अब तक 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकीं हैं। अन्य किसी भी फुटेज में पुलिस को आरोपी की तस्वीर नहीं मिली है। जंक्शन के कैमरे से पुलिस को जो तस्वीर मिली है। वह पूरी तरह साफ नहीं है। तस्वीर देखने पर यह जरूर पता लग रहा है कि आरोपी के सिर पर कम बाल हैं। जीआरपी टीम अब कम बाल वाले संदिग्धों की तलाश में लगी है। कुछ को जीआरपी टीम ने पकड़ा भी है। उनसे टीम पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी समर बहादुर सिंह ने बताया कि जरुरत पड़ने पर आरोपी का स्केच तैयार करवाया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे आरोपी के बारे में जानकारी देने के लिए जीआरपी टीम से संपर्क करें। उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
बच्चे की मां बोली, मुझसे गलती हुई
बच्चे की मां भूरी बेहद परेशान है। मंगलवार को वो थाने पहुंची। बोली मुझसे गलती हुई। मेरे बेटे को खोज दो। आगे से ऐसी गलती फिर नहीं करुंगी। भूरी देवी ने यह भी कहा कि जो भी मेरे बेटे को खोज कर लाएगा। उसे मैं पांच हजार रुपये का इनाम दूंगी।