मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव मिरजापुर आंबेडकर में पार्क के पास एक जनरल स्टोर की दुकान से चोर लाखों का सामान और 50 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित ने तहरीर दी है।दुकान स्वामी विष्णु गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात 10 बजे रोजाना की तरह दुकान का ताला लगाकर घर चले गए। सुबह आकर देखा तो शटर का ताला टूटा था। दुकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की तार कटी थी, डीबीआर गायब थी। पीड़ित ने बताया कि चोर पहले दुकान की छत पर गए। जहां लगे लोहे के टट्टर को उखाड़कर रस्से के सहारे नीचे उतरे, उसके बाद दुकान के बाहर लगे दरवाजे का जंगला काटा और फिर दुकान के अंदर प्रवेश किया। दुकान का सामान बाहर निकालने के लिए उन्होंने शटर का ताला तोड़ा और किसी वाहन में सामान भरकर ले गए।
पीड़ित के अनुसार पिछले तीन साल में चार बार चोरी हो चुकी है। इस बार पांचवीं बार चोरों ने उसकी दुकान काे निशाना बनाया है। हर बार पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने एक भी वारदात का खुलासा नहीं किया। पीड़ित ने रविवार को हाईवे थाना में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए चार अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।