कड़ाके की ठंड में नववर्ष पर श्री कृष्ण जन्मभूमि में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्वालु।
अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। दिनभर बादल छाए रहने और सर्द हवाओं की गश्त सुबह से रात तक जारी रही। दिन में भी गलन भरी सर्दी ने सताया तो रात में ठिठुरन और बढ़ गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, इस सप्ताह सर्दी से राहत के कोई आसार नहीं हैं। शुक्रवार को भी सर्दी से कोई राहत नहीं मिली। बृहस्पतिवार को हुई बूंदाबांदी से दिन में भी ठंड बढ़ गई। शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। सूरज के दर्शन नहीं हुए। सर्द हवाओं से गलन और बढ़ गई। हालांकि दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया मगर सर्दी से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान भी 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोगों ने भारी भरकम ऊनी वस्त्रों का सहारा लिया। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह मौसम में बदलाव के कोई आसार नहीं है। सुबह शाम धुंध छाएगी।