मथुरा। होली गेट भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा पार्टी के एक गुट पर आरोप लगाने और बाद में पार्षदों के चौतरफा विरोध के बाद माफी मांगकर फेसबुक पोस्ट डिलीट करने शुरू हुआ विवाद नया मोड़ ले रहा है। पार्टी का एक धड़ा अब लोकसभा चुनाव में मतदान कम होने को लेकर एक पक्ष पर सहयोग नहीं करने और मामला हाईकमान तक ले जाने की बात कह रहा है। पार्टी सूत्रों की माने तो प्रतिष्ठित पद पर विराजमान पदाधिकारी और उनका गुट दूसरे धड़े पर आरोप लगा रहा है कि मतदान कम होने की वजह संगठन से जुड़े लोगों की ढिलाई रही। वहीं दूसरी ओर संगठन से जुड़े पक्ष का कहना है कि ऐसा माहौल बनाकर उन्हें अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि इन लोगों ने विगत विधानसभा चुनाव में भी पार्टी प्रत्याशी का सहयोग नहीं किया था। यहां तक कि मतदान के दिन घरों में बैठे रहे। लोकसभा चुनाव में यही हुआ कि यह धड़ा खुलकर न तो प्रचार में जुटा और न ही मतदान बढ़ाने में कोई सहयोग किया। इसके बावजूद 49 फीसदी से अधिक मतदान संगठन से जुड़े आम कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। गौरतलब है कि दोनों ही धड़े खुलकर न तो किसी का नाम ले रहे हैं और इशारों में ही एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। होलीगेट मंडल अध्यक्ष द्वारा फेसबुक पोस्ट मामले में माफी मांगने के बावजूद पोस्ट को शेयर कर माहौल बिगाड़ा जा रहा है।