वृंदावन। ठाकुर रंगनाथ मंदिर में मार्गशीर्ष पूर्णिमा के पर दीपदान उत्सव मनाया गया। मंदिर हजारों दीपक की रोशनी से जगमगा उठा।
बृहस्पतिवार को रंगनाथ मंदिर में कृतिका दीपोत्सव पर धार्मिक अनुष्ठान व दीपदान हुआ। देर शाम बड़ी संख्या में भक्तों द्वारा हजारों दीपक जलाए गए। मंदिर में निज मंदिर, परिक्रमा , गरुड़ स्तम्भ, घंटाघर, पुष्करणी, झूला मंडप, बारहद्वारी सभी जगह दीपकों की रोशनी से ऐसा लग रहा था कि एक बार फिर दीवाली मनाई जा रही हो। महोत्सव का समापन महाआरती के साथ हुआ। भगवान रंगनाथ माता गोदाजी के साथ चांदी की पालकी में विराजमान हो कर परंपरागत वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच मंदिर के पूर्वी द्वार पर पहुंचे। यहां मंदिर के पुजारियों द्वारा घासफूस से बनाई गई एक झोंपड़ी का पूजन कर उसमें अग्नि प्रज्वलित कर दी गई। इस दौरान प्रभु के दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।